सहारनपुर। देवबंद के घ्याना गांव में शुक्रवार रात तेज आंधी और बारिश के कारण एक मकान की छत गिर गई। इस दौरान मलबे में दबकर एक किशोर की मौत हो गई। मृतक किशोर का शनिवार सुबह गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
घ्याना निवासी अनिल उर्फ लिल्लू मेहनत मजदूरी करता है। उसकी पत्नी की कुछ वर्ष पूर्व मृत्यु हो गई थी। लिल्लू ने कमरे बनाकर उस पर सीमेंट की चादर डाल रखी थी। शुक्रवार रात अचानक आई तेज आंधी और बारिश से सीमेंट की चादर टूटकर नीचे गिर गई। जिससे कमरे में सो रहे लिल्लू का पुत्र निहाल (15) की मलबे में दबकर गंभीर घायल हो गया।
लिल्लू के मकान की छत गिरने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे किशोर निहाल को बाहर निकाला। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। निहाल की अचानक हुई मौत से घ्याना गांव में मातम पसरा हुआ है।
पीड़ित लिल्लू ने बताया कि अब उसके पास रहने के लिए मकान भी नहीं बचा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से लिल्लू के परिवार को आर्थिक सहायता मुहैया कराने की मांग की है।











Discussion about this post