मुजफ्फरनगर। नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कांवड़ यात्रा के लिए नगर में सेवा कार्य में लगे स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों व पालिका कर्मियों को सम्मानित किया। नगरपालिका परिषद की ओर से टाउनहाल सभागार में आयोजित ‘कांवड़ सेवा सम्मान समारोह’ में उन्होंने कहा कि कांवड़ मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और जनभागीदारी का एक विराट उत्सव है। इस मौके पर उन्होंने सेवा कार्यों में जुटे सफाईकर्मियों, अधिकारी-कर्मचारियों और स्काउट-गाइड बच्चों की निःस्वार्थ भागीदारी की सराहना की।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि नगर ने इस कांवड़ यात्रा में समर्पण, अनुशासन और सौहार्द की जो मिसाल पेश की है, वह प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा, “यह यात्रा केवल श्रद्धा की नहीं, बल्कि सेवा भाव और समाजिक सहयोग की परीक्षा भी होती है, जिसे हमने पूरी निष्ठा से निभाया। हम आज केवल व्यक्तियों को नहीं, बल्कि ‘सेवा ही धर्म है’ की भावना को सम्मानित कर रहे हैं।”
समारोह में भारत स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवकों को प्रशस्ति पत्र और प्रमोपहार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही नगर पालिका की ओर से स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, कंट्रोल रूम आदि में योगदान देने वाले सभी अधिकारी-कर्मचारी भी सम्मान के पात्र बने।
कार्यक्रम में पालिका ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा की सफलता के पीछे पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप का समर्पित नेतृत्व रहा, जिन्होंने स्वयं उपस्थित रहकर टीम को प्रेरित किया और एकजुटता से कार्य को सफल बनाया।
समारोह में प्रमुख रूप से सभासद रितु त्यागी, बबीता सिंह, राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, योगेश मित्तल, रजत धीमान, मौहम्मद खालिद, शौकत अंसारी, अन्नू कुरैशी, शहजाद चीकू, भाजपा नेता विकल्प जैन, हसीब राणा, सलेकचंद, प्रमोद कुमार, शोभित गुप्ता, भारत स्काउट एवं गाइड के प्रादेशिक सहायक कमिश्नर अमित कुमार, स्काउट कमिश्नर विजय शर्मा, गाइड कमिश्नर डॉ. राजेश कुमारी, डॉ. सविता सिंह, रेणू गर्ग, भारत भूषण अरोरा, प्रभा दहिया, हिदायतुल्ला खां, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही, एई नैपाल सिंह आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन लिपिक तनवीर आलम ने किया।










Discussion about this post