शामली। उत्तर प्रदेश के शामली जिले में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) पर सफाई कर्मचारी मां-बेटे के साथ गाली-गलौज और जातिसूचक गालियां देने का आरोप लगा है। इस घटना के बाद सफाई कर्मचारियों में काफी गुस्सा है।
पीड़ित महिला कर्मचारी और उसके बेटे के समर्थन में सैकड़ों सफाई कर्मचारी शहर कोतवाली पहुंचे और थाने में जमकर हंगामा किया। उन्होंने ईओ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो सभी कर्मचारी कार्य का बहिष्कार करेंगे।
घटना गुरुवार की बताई जा रही है जब नगर पालिका की सफाई कर्मचारी कमलेश अपने पुत्र के साथ फुव्वारा चौक से विजय चौक (कांवड़ मार्ग) पर ड्यूटी पर थीं। आरोप है कि इसी दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी लिपिक के साथ वहां पहुंचे और सफाई कार्य में लगी महिला व उसके बेटे के साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की और मारपीट की कोशिश की।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका में कार्यरत तमाम सफाई कर्मचारी एकत्र होकर थाने पहुंचे और ईओ के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि अगर दोषी अधिकारी पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वे सामूहिक कार्य बहिष्कार करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी नगर पालिका अध्यक्ष और जिला प्रशासन की होगी।
पुलिस ने पीड़िता कमलेश की तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं प्रशासनिक स्तर पर भी मामला गरमाया हुआ है।











Discussion about this post