लखनऊ। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान के पहिए में आग लग गई। रविवार सुबह लैंडिंग के बाद टैक्सी-वे पर जाते समय सऊदी अरबिया एयरलाइंस के विमान के बाएं पहिए से चिंगारियां और घना धुआं उठने लगा। यह विमान जेद्दा से हज यात्रियों को लेकर लौटा था। चिंगारियों का पता चलते ही पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को सूचित किया। इसके बाद फायर टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर फोम और पानी डालकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
आग पर काबू पाने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया, तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार, सऊदी अरबिया एयरलाइंस का विमान एसवी 3112 शनिवार रात लगभग 11:30 बजे जेद्दा एयरपोर्ट से उड़ा था। इस विमान में 242 हज यात्री सवार थे। विमान रविवार सुबह करीब 6:30 बजे अमौसी एयरपोर्ट पर उतरा।
सूत्रों के अनुसार, रनवे पर लैंडिंग के बाद विमान टैक्सी-वे पर आ रहा था, तभी इसके बाएं पहिए के पास से धुआं और चिंगारियां उठने लगीं। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को सूचना दी। एयरपोर्ट की फायर सेफ्टी टीम की गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं और 20 मिनट में फोम व पानी डालकर आग पर काबू पा लिया। इस दौरान यात्री विमान के अंदर ही थे। घटना की जानकारी मिलने पर यात्रियों में दहशत फैल गई। स्थिति नियंत्रित होने के बाद विमान को पुश बैक कर टैक्सी-वे पर लाया गया।
यात्रियों को सुरक्षित उतारने के बाद इंजीनियरों की टीम विमान की खराबी को ठीक करने में जुट गई, लेकिन देर शाम तक खराबी दूर नहीं हो सकी। सूत्रों के अनुसार, रनवे पर उतरते समय विमान के बाएं पहिए में खराबी आ गई थी। बताया जा रहा है कि हाइड्रॉलिक सिस्टम में रिसाव के कारण यह समस्या हुई, जिससे पहिए से तेज धुआं और चिंगारियां निकलने लगीं।
एयरपोर्ट प्रवक्ता के अनुसार, विमान में तकनीकी खराबी थी, जिसे इंजीनियरों की टीम ठीक कर रही है। हज यात्रियों की वापसी के लिए सऊदी अरबिया एयरलाइंस का विमान जेद्दा से यात्रियों को लखनऊ लाता है और खाली वापस जाता है। खराबी ठीक होने के बाद विमान को जेद्दा रवाना किया जाएगा।










Discussion about this post