मुजफ्फरनगर। डीएवी डिग्री कॉलेज, बुढ़ाना के छात्र-छात्राओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं। इन निर्देशों के तहत, अब डीएवी कॉलेज के छात्रों का शैक्षणिक सत्र बचाने के लिए उनकी परीक्षा और आंतरिक प्रक्रियाएं राजकीय महाविद्यालय शाहपुर में पूरी होंगी।
भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मोनू मलिक ने विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी पत्र दिखाते हुए यह जानकारी दी।
विश्वविद्यालय के नए निर्देश-
नए निर्देशों से छात्रों को बड़ी राहत मिली है, खासकर उन छात्रों को जिनकी प्रक्रियाएं डीएवी कॉलेज से जुड़ी हुई थीं:
फॉर्म जमा करने की सुविधा: जिन छात्रों ने डीएवी कॉलेज बुढ़ाना में ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भर दिया है, वे अब अपना फॉर्म राजकीय महाविद्यालय शाहपुर में ही जमा कर सकते हैं। इसके लिए फॉर्म को अपडेट और वेरिफाई कराना होगा।
नए फॉर्म भी शाहपुर में: जिन छात्रों ने अभी तक परीक्षा फॉर्म नहीं भरा है, वे भी अपना फॉर्म सीधे राजकीय महाविद्यालय शाहपुर में जमा कर सकते हैं। इन छात्रों का रिकॉर्ड राजकीय महाविद्यालय में अलग से तैयार किया जाएगा।
परीक्षाएं शाहपुर में: सभी छात्रों की आंतरिक परीक्षा (Internal Exam) और प्रयोगात्मक परीक्षा (Practical Exam) भी अब शाहपुर के राजकीय महाविद्यालय में ही आयोजित की जाएगी।
भाजपा नेताओं की पहल-
यह निर्णय भाजपा नेता उमेश मलिक के नेतृत्व में छात्र नेताओं द्वारा कुलपति से मुलाकात करने के बाद आया है। छात्र नेताओं ने कुलपति से डीएवी कॉलेज के छात्र-छात्राओं का शैक्षणिक सत्र बचाने की मांग की थी, जिस पर विश्वविद्यालय ने त्वरित कार्रवाई की है। इस फैसले से छात्रों और उनके अभिभावकों ने राहत की सांस ली है।










Discussion about this post