मुजफ्फरनगर। महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को नई दिशा देने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा संचालित “मिशन शक्ति-5.0” अभियान के तहत मुजफ्फरनगर रिज़र्व पुलिस लाइन में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद किया और उनके योगदान की सराहना की। साहसिक कार्य करने वाली महिला पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र (हरियाणा) में आयोजित जूडो-कराटे प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली 6 वर्षीय काव्या वत्स को भी सम्मानित किया गया, जिससे जनपद का मान बढ़ा।
महिला पुलिस बाइक रैली का शुभारंभ जिलाधिकारी और एसएसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया। 100 महिला पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों ने 50 स्कूटी पर यह रैली निकाली, जो नगर के प्रमुख मार्गों से गुज़री। इस दौरान महिला सुरक्षा और जागरूकता का संदेश आमजन तक पहुँचाया गया।
रैली के दौरान महिलाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों (1090, 181, 112, 1930, 1076, 102, 101, 108, 1098) की जानकारी दी गई और पंपलेट व पोस्टर वितरण कर “सशक्त नारी – समृद्ध प्रदेश” का संदेश दिया गया।
आगे आने वाले दिनों में मिशन शक्ति-5.0 के तहत जन-जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक, संवाद गोष्ठियाँ और विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन प्रयासों से महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को नया आयाम मिलने की उम्मीद है।










Discussion about this post