मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव नुननगर में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब 43 वर्षीय किसान रविंद्र पुत्र सतपाल का शव खेत में गोली लगने से खून से लथपथ मिला। रविंद्र के सीने में गोली लगी थी और मौके से एक तमंचा भी बरामद हुआ है, जिससे मामला हत्या और आत्महत्या के बीच उलझा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, रविंद्र सुबह करीब 7 बजे अपने खेतों की ओर गया था। खेतों में काम कर रहे मजदूरों से बातचीत के बाद वह पास के गन्ने के खेत में पॉपुलर के पेड़ों वाले खेत की तरफ गया। थोड़ी देर बाद मजदूरों को गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब वे घटनास्थल पहुंचे, तो रविंद्र जमीन पर खून से लथपथ पड़ा मिला। मजदूरों ने तुरंत गांव को सूचित किया, जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंच गए। पुलिस भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
गांव वालों ने बताया कि रविंद्र की न तो किसी से कोई रंजिश थी और न परिवार में कोई विवाद था, इसलिए यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि यह आत्महत्या है या हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश। मृतक के भाई नरेंद्र ने भी पुलिस को सूचना दी कि मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारी बता रहे हैं कि परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चलेगा।










Discussion about this post