मेरठ। जिले की गंगानगर थाना पुलिस ने धर्म परिवर्तन और शादी के नाम पर धोखाधड़ी, शोषण और धमकी देने के गंभीर मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर चल रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी सदर देहात के निर्देशन में थाना गंगानगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
दिनांक 17 जून 2025 को दर्ज मुकदमा संख्या 119/25 के अंतर्गत नदीम उर्फ रोहित और उसका भाई जुबैर, पुत्रगण पप्पू उर्फ मोहम्मद फाजिल, निवासी मोहल्ला मकबरा डिग्गी, थाना रेलवे रोड, मेरठ को मवाना रोड से गिरफ्तार किया गया।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी नदीम ने अपनी असली पहचान छिपाकर उससे शादी की, फिर मानसिक, शारीरिक और आर्थिक शोषण करता रहा। आरोप है कि नदीम ने तलाक के फर्जी कागजात बनवाने के नाम पर 35 हजार रुपये वसूले और जब पीड़िता ने विरोध किया तो उसे गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के भाई जुबैर की भी मामले में संदिग्ध भूमिका रही है। दोनों भाइयों के खिलाफ कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है।











Discussion about this post