शामली। मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपनी बेटी और उसके प्रेमी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने चौसाना पुलिस चौकी में तहरीर देकर कहा कि उसकी बेटी का अवैध संबंध एक युवक से है और दोनों मिलकर उसके दामाद की हत्या की साजिश रच रहे हैं।
महिला ने कहा कि बेटी “राजा रघुवंशी” की तरह दामाद को मरवा सकती है। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चौसाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक की शादी 12 साल पहले सरधना क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। दोनों के दो बच्चे भी हैं। आरोप है कि विवाहिता के संबंध ससुराल में ही पड़ोस के एक युवक से हो गए। पति को जब इसकी जानकारी मिली तो उसने ससुराल पक्ष को अवगत कराया।
कुछ दिन पहले पत्नी को मायके भेज दिया गया था, लेकिन पांच दिन बाद वह बिना किसी को बताए प्रेमी संग चली गई। बुधवार रात विवाहिता अचानक ससुराल पहुंची। आरोप है कि उसके साथ उसका प्रेमी और कुछ अन्य लोग भी थे। सभी ने मिलकर घर में तोड़फोड़ की और देवरों से मारपीट की।
घटना की सूचना मिलते ही महिला की मां और अन्य परिजन ससुराल पहुंचे। गुरुवार को महिला अपनी बेटी के पति के साथ चौसाना चौकी पहुंची और तहरीर दी। चौकी प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post