मोरना। मुजफ्फरनगर के मोरना क्षेत्र स्थित बिहारगढ़ गांव में शनिवार दोपहर एक युवक को संदिग्ध मानते हुए ग्रामीणों ने पकड़ लिया। युवक गंगा खादर क्षेत्र के जंगल में टहलता मिला, जिसकी गतिविधियों पर ग्रामीणों को शक हुआ। पूछताछ करने पर जब युवक ने अपनी पहचान और आने का मकसद स्पष्ट नहीं किया तो ग्रामीण उसे पकड़कर गांव ले आए। देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के घंटों तक न पहुंचने पर उन्होंने युवक को एक स्थानीय आश्रम में भिजवा दिया। बताया जा रहा है कि पहले यह अफवाह फैली थी कि युवक ड्रोन उड़ा रहा था, जिससे माहौल और गर्म हो गया। हालांकि मौके पर पहुंचे कई ग्रामीणों ने बाद में साफ किया कि युवक के पास कोई ड्रोन नहीं मिला, लेकिन उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक बार-बार अपना नाम और पता बदल रहा था और उसकी बातें समझ से बाहर थीं। इससे शक और गहराया। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाए और खादर क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए।
शान्ति भंग की आशंका को लेकर ग्राम प्रधान संजय चौहान ने पुलिस को सूचना दी। घंटो बाद भी पुलिस के न आने पर युवक को गांव स्थित आश्रम मे पहुँचाया गया। वहीं पकड़ा गया युवक स्वयं को रूपेंद्र यादव पुत्र छोटेलाल गांव व थाना कलबाड़ी जिला बस्ती निवासी बता रहा था।










Discussion about this post