मुजफ्फरनगर। संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर पुरकाजी कस्बे में निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान सड़क पर मांस के टुकड़े मिलने पर थाना पुलिस ने दो युवकों को मात्र शांतिभंग में पाबंद कर दिया। गुस्साए लोगों ने पूर्व विधायक प्रमोद उटवाल को फोन कर थाना पुलिस की कार्यप्रणाली की शिकायत की और आरोपी युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। जिस पर पूर्व विधायक ने अधिकारियों से फोन पर बात कर नाराजगी जताई और उक्त मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।
मंगलवार को रविदास मंदिर में दलित समाज की बैठक में शामिल हुए पूर्व विधायक प्रमोद उटवाल को लोगों ने बताया कि सोमवार को बाबा भीम राव अंबेडकर की जयंती पर जुलूस के दौरान मोहल्ला गुली में सड़क पर मांस के टुकड़े पड़े मिले थे, जिसकी लिखित शिकायत उन्होंने थाने में की थी और जांच के बाद पुलिस ने फैजल और आसिफ को गिरफ्तार कर महज शांतिभंग में चालान कर दिया था।
पूर्व विधायक ने अधिकारियों से फोन पर बात कर पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही पर नाराजगी व्यक्त कर आरोपियों पर सख्त कार्यवाही करने को कहा। बैठक में पहुंचे एसएसआई नरेश कुमार, कस्बा इंचार्ज ने पूर्व विधायक प्रमोद उटवाल को भरोसा दिलाया कि तहरीर लेकर सख्त कार्यवाही की जाएगी। जानकारी मिली, दोनों युवकों को एसडीएम कोर्ट सें जमानत नहीं मिल पाई है।
बैठक में भाजपा नेता भारत भूषण खुल्लर, निर्दोष जैन, हरिराम सक्सेना, केपी सिंह, रंजीत गोर्शी, नवीन गोयल, सुशील वर्मा, सभासद सावन कुमार, लोकेश कुमार, सुनील माहेश्वरी आदि मौजूद रहे।










Discussion about this post