मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता के साथ पड़ोसी द्वारा तमंचे के बल पर दुष्कर्म करने और कई माह से ब्लैकमेल किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता के देवर की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना भोपा थाना क्षेत्र के एक गांव की है। पीड़िता के देवर ने तहरीर में बताया कि उसका बड़ा भाई मजदूरी के सिलसिले में जनवरी माह से दूसरे राज्य में रह रहा है। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला मुजम्मिल नामक व्यक्ति एक रात विवाहिता के घर में घुस आया और तमंचा दिखाकर उसके साथ बलात्कार किया। वारदात के बाद आरोपी ने किसी से भी इस घटना की जानकारी देने पर पीड़िता और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के अनुसार, आरोपी घटना के बाद लगातार विवाहिता को ब्लैकमेल करता रहा। वह उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा और चुप रहने के लिए डराता-धमकाता रहा। शनिवार की रात आरोपी एक बार फिर पीड़िता के घर में घुस आया और उसे ब्लैकमेल करते हुए दोबारा दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इस बार आरोपी को परिजनों ने घर से निकलते हुए देख लिया, जिसके बाद वह धमकी देकर फरार हो गया।
घटना के बाद से पीड़िता और उसका परिवार बुरी तरह डरा-सहमा हुआ है। परिजनों ने आरोपी की दबंगई से परेशान होकर पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
भोपा थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी मुजम्मिल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।











Discussion about this post