मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र के रोनी हरजीपुर गांव में एक ही रात में तीन ड्रोन उड़ते देखे गए, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। मामला सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं है—बुढ़ाना, जानसठ, मीरापुर और खतौली जैसे क्षेत्रों से भी ऐसी रहस्यमयी गतिविधियों की पुष्टि हुई है।
शनिवार रात की घटना में ग्रामीणों के साथ भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) एनसीआर अध्यक्ष व जिला पंचायत सदस्य पति विकास शर्मा भी खुद निगरानी में जुटे और पुलिस को तत्काल सूचित किया। पुलिस ने क्षेत्र में सघन गश्त शुरू कर दी है। शर्मा ने बताया कि एक ड्रोन गांव के जंगल की ओर बने मकानों के ऊपर काफी देर मंडराता रहा और जब ग्रामीणों ने टॉर्च की रोशनी से उसे ट्रैक किया तो वह तेजी से पिपलशाह गांव की ओर उड़ गया।
घटना के बाद गांव में रात के समय पहरेदारी शुरू कर दी गई है। ग्रामीण इस रहस्य को जासूसी, चोरी की योजना या बाहरी ताकतों की हलचल से जोड़कर देख रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक इस गुत्थी से पर्दा नहीं उठता, तब तक चैन से नींद नहीं आएगी।
ऐसी ही गतिविधियां सफीपुर पट्टी, मिंडकाली, जानसठ, मीरापुर और खतौली क्षेत्रों में भी दर्ज की गई हैं। साथ ही, बिजनौर और मेरठ के गांवों में भी इसी तरह की ड्रोन गतिविधियों की जानकारी पहले मिल चुकी है।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर विशेष जांच टीमें गठित की गई हैं जो तकनीकी और साइबर स्तर पर जांच कर रही हैं। प्रारंभिक जांच में कुछ शरारती तत्वों द्वारा ड्रोन कैमरों का उपयोग कर दहशत फैलाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इन घटनाओं का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।










Discussion about this post