शामली। शामली जिले के कांधला के मोहल्ला शेखजादगान में रहने वाले छात्र विजय कश्यप (22) के शव का दूसरे दिन अंतिम संस्कार किया गया। उसका शव हरियाणा के पानीपत में सनौली थाने के पास मिला। परिजनों का कहना है कि सनौली पुलिस की पिटाई से उसकी मौत हुई है। हत्या के बाद शव को पुल के नीचे फेंक दिया गया। परिजनों ने यह भी कहा है कि वे मामले को लेकर पानीपत एसपी से मिलेंगे।
दरअसल, हरियाणा के पानीपत से घर लौट रहे कस्बा कांधला के छात्र विजय कश्यप का शव सोमवार की सुबह पानीपत जिले की सनाैली पुलिस चौकी के निकट यमुना पुल के नीचे मिला था। वह रविवार रात को अपने छोटे भाई भाई अजय के साथ टेंपो से लौट रहा था।
परिजनों ने हरियाणा पुलिस पर युवती से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाकर पिटाई करने व हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। परिजनों ने यमुना पुल पर पानीपत-खटीमा हाईवे पर जाम लगाया था।
हरियाणा पुलिस के डीएसपी के कार्रवाई करने का आश्वासन देने पर परिजन शांत हुए थे। मृतक छात्र इंटर पास था और अब रूस में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के लिए जाने की तैयारी कर रहा था।
मृतक के भाई अजय ने बताया कि सनौली चौकी के तीनों पुलिसकर्मियों ने ही भाई की हत्या की है। मगर पानीपत पुलिस रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है। यदि रिपोर्ट दर्ज नहीं होती तो आंदोलान किया जाएगा। मामले को लेकर वह पानीपत के एसपी से भी मिलेंगे।











Discussion about this post