नई दिल्ली। नेशनल कैपिटल रीजन (NCR) में इस मौसम का पहला घना कोहरा छाया हुआ है, साथ ही तापमान में भी गिरावट आई है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद समेत पूरे NCR में सुबह और रात के समय विजिबिलिटी काफी कम हो गई है, जिससे रोज़मर्रा की ज़िंदगी और ट्रैफिक पर असर पड़ रहा है। स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में और गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे ठंड और बढ़ जाएगी।
स्थानीय मौसम रिपोर्ट के अनुसार, 13 दिसंबर को अधिकतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस था। मौसम पूर्वानुमान में हल्की धुंध रहने की संभावना है। इसी तरह, 14 दिसंबर को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। 15 दिसंबर को तापमान में और गिरावट का अनुमान है, जब अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। फिलहाल, कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन धुंध के कारण सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इसी बीच, दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण ने हालात और गंभीर कर दिए हैं। शनिवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 387 दर्ज किया गया, जो “बहुत खराब” श्रेणी में आता है। यह स्तर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए बेहद खतरनाक माना जाता है। बीते सप्ताह प्रदूषण में लगातार इजाफा देखा गया है। मंगलवार को एक्यूआई 282, बुधवार को 259, गुरुवार को 307 और शुक्रवार को 349 दर्ज किया गया, जो शनिवार को बढ़कर गंभीर स्थिति के करीब पहुंच गया। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार दिल्ली के 18 इलाकों में एक्यूआई 400 के पार पहुंच गया है, जो “गंभीर” श्रेणी में आता है। वजीरपुर सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र रहा, जहां एक्यूआई 443 दर्ज किया गया।
इसके बाद जहांगीरपुरी (439), विवेक विहार (437), रोहिणी और आनंद विहार (434), अशोक विहार (431), सोनिया विहार और DTU (427), नरेला (425), बवाना (424), नेहरू नगर (421), पटपड़गंज (419), ITO (417), पंजाबी बाग (416), मुंडका (415), बुराड़ी क्रॉसिंग (413), चांदनी चौक (412), और DU नॉर्थ कैंपस (401) का नंबर आता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को बेवजह बाहर न निकलने, मास्क पहनने और ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तहत जारी गाइडलाइंस का पालन करने की सलाह दी है। अगर तापमान गिरने के साथ हवा की गति कम रहती है, तो आने वाले दिनों में प्रदूषण की स्थिति और खराब हो सकती है।











Discussion about this post