मेरठ : वेस्ट यूपी में आंधी, तूफान, बारिश और ओलावृष्टि से कई जगह पेड़ और होर्डिंग टूट गए। बिजली व्यवस्था पटरी से उतर गई। दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, सहारनपुर, शामली और बिजनौर समेत वेस्ट यूपी के अन्य जिलों में बुधवार शाम को अचानक आंधी चलने लगी। तेज हवाओं के साथ ओले पड़े और बारिश ने जनजीवन अस्त व्यवस्त कर दिया। कई जगह पेड़ और होर्डिंग गिरने से मार्ग अवरुद्ध हो गया और कई लोग घायल हो गए। वहीं सहारनपुर के खजूरी गांव में बिजली गिरने से 65 वर्षीय अनिल और कुरड़ी गांव के 30 साल के अंकित की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक झुलस गया।
वेस्ट यूपी में दिनभर भयंकर गर्मी, उमस और लू ने परेशान कर दिया। लोग पसीने से तरबतर हो गए। गर्मी के कारण सांस लेने में भी कुछ लोगों को परेशानी हुई। वहीं शाम को मौसम ने करवट बदली और आंधी, बारिश के साथ ओलावृष्टि होने लगी।
कई जगह पेड़ गिर गए। बिजली के तार टूटे तो विद्युत व्यवस्था बेपटरी हो गई। सैकड़ों गांवों में अंधेरा हो गया। वहीं आंधी चलने से आम की फसल को करीब 20 फीसदी का नुकसान होने का अनुमान है। अन्य फसलें भी जमीन पर बिछ गई। कई जगह बिजली गिरने से सोलर प्लांट भी फुंक गए।
कई जगह पर करीब 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। होर्डिग्स, बैनर उड़ गए और कई जगह पर पेड़ और पोल भी गिर गए। मेरठ में हाईवे पर ऐसा हाल हो गया, कि दोपहिया वाहन चालक बचने के लिए शेल्टर ढूंढते दिखाई दिए।











Discussion about this post