मेरठ। मेरठ के दौराला कस्बे में एक युवक की नई नवेली दुल्हन ने ऐसा धोखा दिया कि वह न सिर्फ भावनात्मक बल्कि आर्थिक रूप से भी टूट गया। शादी के मात्र चार दिन बाद ही पत्नी अपने प्रेमी संग फरार हो गई, और जाते-जाते घर की ज्वेलरी भी साथ ले गई। पीड़ित युवक ने पुलिस से न्याय और कार्रवाई की मांग की है।
दौराला कस्बा निवासी एक युवक की पहचान उसके साले के जरिए एक युवती से कराई गई थी। जीजा-साले ने शादी करवाने के नाम पर युवक से पैसे भी लिए और फिर 12 सितंबर को दिल्ली बुलाकर शादी करा दी।
शादी के चार दिन बाद युवती ने अपने पिता के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने का बहाना बनाया। युवक उस पर भरोसा कर उसे दिल्ली स्टेशन ले गया।
दिल्ली स्टेशन पर रचा गया नाटक-
दिल्ली पहुंचते ही स्टेशन पर पहले से मौजूद चार युवकों ने पीड़ित युवक को बातों में उलझाया, और इसी दौरान एक युवक उसकी पत्नी को लेकर गायब हो गया।
जब युवक को शक हुआ, तो उसने पत्नी को ढूंढने की कोशिश की, लेकिन न तो पत्नी मिली और न ही शादी के समय मिले किसी भी रिश्तेदार का कोई पता चला। युवक जब शादी स्थल पर पहुंचा, तो वहां भी कोई नहीं मिला।
पीड़ित ने मांगा न्याय-
धोखे का अहसास होने के बाद युवक खाली हाथ घर लौट आया और अब कस्बे के संबंधित लोगों से पत्नी को वापस दिलाने और कार्रवाई की मांग कर रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम ने लव ट्रैप और फर्जी शादी के जरिए ठगी जैसे मामलों की ओर एक बार फिर ध्यान आकर्षित किया है। पुलिस से उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही मामला दर्ज कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post