मुजफ्फरनगर। जिले के तितावी थाना क्षेत्र के गांव जगाहेड़ी स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा 7 के छात्र को शिक्षक द्वारा बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। शिक्षक यश कुमार ने बिना किसी स्पष्ट कारण के छात्र को डंडे से पीटा, जिससे उसके हाथ, पैर और कमर पर गहरी चोट के निशान आ गए।
पीड़ित छात्र किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को आपबीती बताई। गुस्साए परिजन तुरंत स्कूल पहुंचे और प्राचार्या से शिकायत की। मामला बढ़ता देख स्कूल प्रबंधन ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को सूचना दी और परिजनों ने तितावी थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है।
बेसिक शिक्षा विभाग ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जल्द ही जांच पूरी कर दोषी शिक्षक पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल छात्र का इलाज चल रहा है और परिजन शिक्षक की बर्खास्तगी और कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों में शारीरिक दंड को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।










Discussion about this post