लखनऊ। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डे से दुबई के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान IX-193 को बुधवार सुबह तकनीकी खराबी के कारण अंतिम समय में रद्द करना पड़ा। फ्लाइट में 160 यात्री और 8 क्रू मेंबर्स समेत कुल 168 लोग सवार थे। इंजन स्टार्ट होते ही पायलट को तकनीकी गड़बड़ी का अंदेशा हुआ, जिसके बाद उन्होंने उड़ान को असुरक्षित मानते हुए टेकऑफ से इनकार कर दिया।
यह फ्लाइट सुबह 8:45 बजे लखनऊ से उड़ान भरने वाली थी और निर्धारित समयानुसार 11:35 बजे दुबई पहुंचनी थी। सभी यात्रियों की बोर्डिंग पूरी हो चुकी थी, लेकिन जैसे ही विमान का इंजन चालू हुआ, पायलट ने संभावित तकनीकी खराबी को भांपते हुए तुरंत एयरलाइन अधिकारियों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की इंजीनियरिंग टीम तुरंत विमान तक पहुंची और गड़बड़ी को सुधारने में जुट गई, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद तकनीकी खामी को ठीक नहीं किया जा सका। इसके बाद फ्लाइट को कैंसिल कर दिया गया।
घटना के बाद यात्रियों में काफी नाराजगी देखने को मिली। अचानक फ्लाइट से नीचे उतरने को कहा गया तो यात्रियों ने एयरलाइन स्टाफ से बहस भी की। हालांकि स्टाफ ने समझदारी से काम लेते हुए यात्रियों को समझाया और वैकल्पिक इंतजामों का भरोसा दिया।
एयरलाइन ने यात्रियों को अगली उपलब्ध फ्लाइट से भेजने की बात कही है। कुछ यात्रियों को होटल में ठहराया गया, जबकि जो यात्री टिकट का रिफंड चाहते थे, उनका फौरन रिफंड प्रोसेस किया गया।
गौरतलब है कि तीन दिन पहले भी एयर इंडिया एक्सप्रेस की लखनऊ से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट IX-2816 को उड़ान से पहले रद्द करना पड़ा था। उस फ्लाइट में भी टेकऑफ से ठीक पहले कॉकपिट में तकनीकी खराबी पाई गई थी। उस समय फ्लाइट में 150 यात्री सवार हो चुके थे और उन्हें भी अंतिम समय में फ्लाइट से नीचे उतारा गया था।लगातार हो रही इन घटनाओं से यात्रियों के बीच एयरलाइन की विश्वसनीयता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।










Discussion about this post