शामली। कैराना क्षेत्र के गांव भूरा में घर में घुसकर महिलाओं पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने रात के अंधेरे में घर में घुसकर महिलाओं के साथ अभद्रता की और विरोध करने पर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उन्हें लहूलुहान कर दिया। हमले में एक महिला की पैर की हड्डी टूट गई है, जबकि दूसरी को सिर में गंभीर चोट आई है। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़िता मुर्शीदा पुत्री इस्लाम ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि 11 जून की रात गांव के इरशाद, ताहिर पुत्रगण ईशा, तासिम पुत्र ताहिर, साबिर पुत्र हाक्कम अली और आसिफ पुत्र जमशेद, अपने भूंसे के कोठे की छत से उसके घर में घुस आए। इन लोगों ने घर की महिलाओं से अभद्रता की और विरोध करने पर धारदार हथियारों व लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में मुर्शीदा और उसकी बहन जमशीदा गंभीर रूप से घायल हो गईं। मुर्शीदा के पैर की हड्डी टूट गई, जबकि जमशीदा के सिर में गंभीर चोटें आईं। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि घटना की सूचना कैराना पुलिस को देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।











Discussion about this post