जलालाबाद। रविवार शाम दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर पुलिस और वांछित अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें आरोपी समीर पुत्र शहजाद के पैर में गोली लग गई। आरोपी ने तीन दिन पहले जलालाबाद में पांच साल की बच्ची के साथ छेड़छाड़ और दुराचार का प्रयास किया था। घटना के बाद से वह फरार था और पुलिस को उसकी तलाश थी।
थानाध्यक्ष बिजेन्द्र रावत और चौकी प्रभारी पवन उपाध्याय रविवार शाम जलालाबाद में चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान आरोपी समीर बाइक से गुजरता दिखा। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, जिसे दिल्ली हाईवे से पीछा करते हुए पुलिस ने कब्रिस्तान के पास घेर लिया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी।
गंभीर रूप से घायल आरोपी को तुरंत थानाभवन सीएचसी भिजवाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अधीक्षक रामसेवक गौतम और सीओ जितेन्द्र यादव ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि समीर जलालाबाद कस्बे के मोहल्ला नानू का रहने वाला है और 14 जून को उसने रिश्तेदारी में आई एक बच्ची से दुराचार की कोशिश की थी। बच्ची की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
समीर के खिलाफ थानाभवन थाने में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मौके से पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, जिंदा कारतूस और बाइक बरामद की है।











Discussion about this post