मुजफ्फरनगर। जिले की बुढ़ाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने एक कार सवार चार तस्करों को 1 किलो 15 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 करोड़ रुपये है। डीआईजी अभिषेक सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” के तहत यह कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर इस बड़ी सफलता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तस्करों को चेकिंग अभियान के दौरान बुढ़ाना क्षेत्र में गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 1 किलो 15 ग्राम स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी बरामद हुआ है।
गिरफ्तार किए गए चारों तस्करों में से दो मुजफ्फरनगर और दो सहारनपुर जनपद के निवासी हैं। एसएसपी ने बताया कि इस तस्करी रैकेट का मुख्य सरगना अब्दुल कादिर है, जिसने स्मैक की कमाई से एक आलीशान मकान भी बनवाया है। पुलिस अब उस संपत्ति को भी कुर्क करने की तैयारी में है। मकान की कीमत कई करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह स्मैक बरेली से लाकर मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर में महंगे दामों पर बेचते थे। एसएसपी संजय वर्मा ने कहा कि नशे के इस अवैध धंधे पर पुलिस की नजर है और जिले में किसी भी सूरत में नशा तस्करी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में भी जुट गई है।










Discussion about this post