मुजफ्फरनगर। थाना मीरापुर क्षेत्र के गांव कैथौडा में शनिवार देर रात शर्मनाक घटना घटी, जहां नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगों ने पीड़ित परिवार पर हमला कर दिया। मारपीट के बाद घर पर पथराव किया गया, जिसमें एक मासूम बच्चे समेत तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, गांव निवासी मीरहसन पुत्र सुलेमान ने मीरापुर थाने में तहरीर दी है कि उसके पड़ोस के दो युवक काफी समय से उसकी नाबालिग बेटी को परेशान कर रहे थे। वह पहले भी कई बार इसका विरोध कर चुका था, लेकिन आरोपित जान से मारने की धमकी देकर दबाव बनाते रहे। शनिवार देर रात दोनों युवकों ने फिर से उसकी पुत्री के साथ छेड़छाड़ की। जब युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपी उसके घर में घुसकर मारपीट करने लगे।
मीरहसन ने आरोपियों के इस कृत्य का विरोध करते हुए उनके घर जाकर आपत्ति जताई, जिससे आरोपी भड़क उठे। गुस्से में उन्होंने मीरहसन के घर पर पथराव कर दिया। इस हमले में मीरहसन का भाई नूरहसन, मोहल्लेवासी कासिफ और मीरहसन का चार वर्षीय मासूम पुत्र समद घायल हो गया।
घटना के बाद देर रात ही मीरहसन अपने घायल परिजनों को लेकर मीरापुर थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है, वहीं पीड़ित परिवार सुरक्षा की मांग कर रहा है।










Discussion about this post