मुज़फ्फरनगर। जनपद मुज़फ्फरनगर समेत देशभर में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर नगर के होलकर अहिल्याबाई देवी चौक पर कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप सहित अनेक जनप्रतिनिधियों व गणमान्य व्यक्तियों ने हवन-यज्ञ कर अहिल्याबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
कार्यक्रम में भंडारे का आयोजन किया गया और जनप्रतिनिधियों एवं समाज की प्रतिभाओं को मोमेंटो व पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में कुकरा गांव स्थित प्रेमपाल चौक पर भी समारोह का आयोजन हुआ, जहां अखिल भारतीय पाल महासभा के जिला अध्यक्ष शिवकुमार पाल ने खेलो इंडिया एथलेटिक्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली रितिका पाल को 21,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया।
भाजपा नेता और सभासद विजेंद्र पाल ने बताया कि आज पूरी दुनिया में मातेश्वरी देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होलकर ने समाज के लिए कुएं, धर्मशालाएं और मंदिरों का निर्माण कराया, और सभी वर्गों को साथ लेकर समाज सेवा की। इसी प्रेरणा से आज सर्व समाज के लोग इस आयोजन में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि नगर के केवलपुरी मंदिर से एक भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुज़री।
धनगर समाज उत्थान समिति के सहारनपुर मंडल अध्यक्ष रवि धनगर ने कहा कि माता अहिल्याबाई धनगर समाज की गौरवशाली प्रतीक हैं। उन्होंने भारतवर्ष के हजारों मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया और सभी जातियों को समान अधिकार प्रदान किए। रवि धनगर ने सरकार से मांग की कि जैसे शासन अहिल्याबाई ने चलाया, वैसे ही जनकल्याणकारी और समावेशी शासन व्यवस्था आज की सरकारें भी अपनाएं।











Discussion about this post