नई दिल्ली: बोर्ड एग्जाम के चक्कर में होली का मजा लेने से बच रहे स्टूडेंट्स थोड़ा राहत की सांस ले सकते हैं. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने उन्हें गुड न्यूज दी है. बोर्ड ने गुरुवार को कहा कि 15 मार्च 2025 को होने वाला 12वीं का हिंदी कोर (302)/हिंदी इलेक्टिव (002) का एग्जाम उसी दिन होगा. लेकिन अगर होली के चलते कुछ स्टूडेंट्स एग्जाम नहीं दे पाते, तो उन्हें बाद में स्पेशल एग्जाम देने को मिलेगा. CBSE ने माना कि होली के चलते कुछ छात्रों को परीक्षा देने में दिक्कत हो सकती है. इसलिए CBSE ने उन्हें बाद में परीक्षा देने का मौका देने का ऐलान किया है.
CBSE के आधिकारिक नोटिस में कहा गया है, “देश के ज्यादातर हिस्सों में होली 14 मार्च को मनाई जाएगी, लेकिन कुछ जगहों पर यह 15 मार्च को भी मनाई जा सकती है या इसके जश्न उस दिन तक जारी रह सकते हैं.”
बोर्ड ने साफ किया कि 15 मार्च को परीक्षा तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगी. लेकिन जो छात्र इस दिन परीक्षा नहीं दे पाएंगे, वे बाद में फिर परीक्षा में बैठ सकते हैं. यह वही सुविधा होगी जो उन छात्रों को दी जाती है जो राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों में भाग लेते हैं.
इसके अलावा, CBSE ने 2026 से कक्षा 10 के छात्रों के लिए साल में दो बार बोर्ड परीक्षा कराने का प्रस्ताव रखा है. इस नए सिस्टम में छात्र अपनी किसी भी विषय की परीक्षा दो बार दे सकते हैं, ताकि वे अपने स्कोर सुधार सकें. छात्रों और अभिभावकों को CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट चेक करने की सलाह दी गई है.











Discussion about this post