लखनऊ। उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर भारत सरकार ने प्रदेश में मूंग और मूंगफली की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर करने की स्वीकृति दे दी है। यह निर्णय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से हुई बातचीत के बाद लिया गया है।
बुधवार को उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत हुई। इस बैठक में कृषि मंत्री शाही ने अवगत कराया कि जायद 2024-25 सत्र में यूपी में मूंग की बुवाई 1.60 लाख हेक्टेयर और मूंगफली की बुवाई 1.74 लाख हेक्टेयर में हुई है। उन्होंने इन फसलों को एमएसपी पर खरीदने की मांग रखी, जिसे केंद्र सरकार ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
सरकार ने मूंग की खरीद के लिए 34,720 मीट्रिक टन और मूंगफली के लिए 50,750 मीट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह निर्णय प्रदेश के लाखों किसानों को राहत पहुंचाएगा, जिन्हें फसलों का उचित मूल्य मिलेगा और उनकी आय में भी इजाफा होगा।
कृषि मंत्री शाही ने बताया कि केंद्रीय मंत्री चौहान ने आश्वस्त किया है कि आवश्यकता होने पर इन क्रय लक्ष्यों को और बढ़ाया जा सकता है। इसके साथ ही अगर उड़द की खरीद के लिए भी राज्य सरकार से प्रस्ताव प्राप्त होता है, तो उसे भी मंजूरी मिल जाएगी।
श्री शाही ने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री चौहान का आभार जताया। साथ ही उन्होंने केंद्र से यह अनुरोध भी किया कि प्रदेश में जायद सीजन में 4.80 लाख हेक्टेयर में बोई जा रही मक्का की फसल को भी एमएसपी पर खरीदने की स्वीकृति दी जाए, ताकि किसानों को और ज्यादा आर्थिक लाभ मिल सके।










Discussion about this post