मुज़फ्फरनगर। थाना नई मंडी पुलिस द्वारा डीजल चोरी के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 4 आरोपियों की गिरफ्तारी और 4500 लीटर डीजल की बरामदगी पर वादी राजेश चौहान ने पूरी पुलिस टीम को उपहार देकर सम्मानित किया।
सम्मान समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार वर्मा, एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत, सीओ नई मंडी रूपाली राय और थाना प्रभारी दिनेश चंद्रा मौजूद रहे।
वादी राजेश चौहान ने बताया कि उनके निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के स्टोर से लगातार डीजल चोरी हो रहा था। उन्होंने मामले की शिकायत SSP से की, जिसके बाद FIR दर्ज कर विशेष टीम बनाई गई। टीम ने एक माह में 90% चोरी हुआ डीजल बरामद कर लिया।
राजेश चौहान ने कहा, “पुलिस ने दिन-रात मेहनत की। मेरा बेटा भी टीम के साथ जाता था और कई बार वह रात के 4 बजे घर लौटता था। इसी से मुझे पुलिस की मेहनत का अंदाज़ा हुआ।”
SSP संजय वर्मा ने बताया कि मामले की जांच में 4500 लीटर डीजल, ₹1.05 लाख नकद और महिंद्रा पिकअप वाहन बरामद किया गया। चौकीदार सहित चार आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। उन्होंने वादी राजेश चौहान द्वारा पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने की पहल की सराहना की और कहा कि, “इस तरह की सकारात्मक प्रतिक्रिया अन्य पुलिसकर्मियों को भी प्रेरित करती है।”
राजेश चौहान ने कहा कि उन्होंने यह सम्मान इसलिए किया ताकि उन पुलिसकर्मियों की हौसला अफजाई हो, जिन्होंने ईमानदारी से कर्तव्य निभाया और आम नागरिकों में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़े। समारोह में उपस्थित अधिकारियों और सम्मानित पुलिसकर्मियों का उन्होंने आभार जताया।











Discussion about this post