बागपत। पिलाना का कृषि रक्षा कार्यालय अस्तबल बन चुका है। परिसर में पशु बंधे रहते हैं और भवन में भूसा भरा रहता है। यह हालत देखकर सीडीओ नीरज कुमार श्रीवास्तव भी हैरान रह गए। वहां इतनी बदबू थी कि सीडीओ का सांस लेना भी मुश्किल हो गया। उन्होंने जिला कृषि रक्षा अधिकारी को सरकारी भवन खाली कराने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने पिलाना ब्लॉक के कृषि रक्षा कार्यालय का निरीक्षण किया। उनको कार्यालय के प्रांगण में दो पशु बंधे मिले। उनके पूछने पर बीडीओ ने बताया कि एक कर्मी ने यहां पशुओं को जबरन बांधा हुआ है। उस कर्मी ने फसल सुरक्षा स्टोर पर भी जबरन कब्जा कर उसे अपना आवास बना लिया है।
कृषि रक्षा कार्यालय के कंडम घोषित हो चुके भवन में भूसा भरा हुआ मिला। जर्जर भवन को भी पशुओं के उपयोग में लाया जा रहा है। सीडीओ ने कहा कि जर्जर भवन क्षतिग्रस्त होने पर हादसा हुआ तो कौन जिम्मेदार होगा। फसल सुरक्षा के दो कमरे बाल विकास परियोजना अधिकारी को उपयोग के लिए दिए, लेकिन निरीक्षण के समय ताला लटका मिला। सीडीओ ने डीपीओ से जवाब मांगा तो उन्होंने कहा कि बाल विकास परियोजना अधिकारी शासकीय कार्य से जिला मुख्यालय आई हुईं थी।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी को कार्यालय से अवैध कब्जा हटवाने का निर्देश दिया। अब तक हुई लापरवाही के लिए कर्मियों का उत्तरदायित्व निर्धारित करने का निर्देश दिया। बीडीओ को भी इस संबंध में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि कृषि रक्षा कार्यालय ब्लॉक क्षेत्र के लाखों किसानों की सुविधा के लिए है, न कि पशु बांधने और भूसा भरने के लिए।










Discussion about this post