मुज़फ्फरनगर। संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक ने रविवार को मुज़फ्फरनगर कोर्ट रोड स्थित कचहरी गेट पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
माल्यार्पण कार्यक्रम में सपा जिला अध्यक्ष ज़िया चौधरी, सपा महासचिव राकेश शर्मा, नगर अध्यक्ष बॉबी त्यागी समेत अन्य पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी नेताओं ने बाबा साहब के विचारों और संविधान निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
इस अवसर पर सपा सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि “हम बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के चरणों में नमन करते हैं। उन्होंने जो संविधान हमें दिया, आज उसका पालन करना और उनके सपनों को साकार करना हम सबका कर्तव्य है। हम परमपिता परमेश्वर, वाहेगुरु और अल्लाह तआला से प्रार्थना करते हैं कि जीवन में कभी भी हमसे कोई ऐसा कार्य न हो, जो संविधान के खिलाफ हो।”
उन्होंने कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्षों से भरा हुआ था, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी और देश को एक मजबूत लोकतंत्र का मार्गदर्शन देने वाला संविधान सौंपा। आज जरूरत है कि हम उनके दिखाए रास्ते पर चलें और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाएं।











Discussion about this post