नई दिल्ली : बिजनेस की दुनिया में अक्सर सफलता का क्रेडिट मालिक ही लेते हैं, लेकिन कुछ कंपनियां हैं जो अपनी सफलता कर्मचारियों के साथ भी बांटते हैं. अहमदाबाद की एक ज्वेलरी कंपनी Kabra Jewels ने साबित किया है कि असली सफलता तब होती है, जब उसे अपनी टीम के साथ सेलिब्रेट की जाए.
वित्तीय वर्ष 2024-25 में कंपनी का टर्नओवर 200 करोड़ रुपए पार होते ही कंपनी ने मालिक कैलाश काबरा ने अपनी टीम के साथ ऐसा जश्न मनाया जिसकी चर्चा अब पूरे देश में हो रही है. काबरा ज्वेल्स लिमिटेड (Kabra Jewels Limited) ने कंपनी के कारोबार को आसमान पर ले जाने के लिए अपने 12 सीनियर कर्मचारियों को नई कारें उपहार में दीं.
कंपनी ने 12 सीनियर कर्मचारियों को ब्रैंड न्यू कारें गिफ्ट कीं. इसके अलावा कई अन्य कर्मचारियों को टू-व्हीलर्स, मोबाइल फोन, फैमिली हॉलिडे पैकेज और गोल्ड-सिल्वर कॉइन्स दिए. इस ग्रैंड सेरेमनी में Mahindra XUV700, Toyota Innova, Hyundai i10, Hyundai Xcent और Maruti Suzuki Ertiga जैसी गाड़ियां कर्मचारियों को बतौर तोहफा दी गईं.
Kabra Jewels के मालिक कैलाश काबरा का मानना है कि कंपनी की कामयाबी अकेले उनकी नहीं, बल्कि पूरी टीम की मेहनत का नतीजा है. उन्होंने कहा, “मैं खुद के लिए लग्जरी कार खरीद सकता था, लेकिन मुझे लगा कि जिन लोगों ने मेरे ब्रांड को खड़ा करने में मदद की, उन्हें ये खुशी मिलनी चाहिए.”
कार और अन्य गिफ्ट मिलने के बाद कर्मचारियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. एक कर्मचारी ने कहा, “हम यहां सिर्फ नौकरी नहीं करते, यहां हमें परिवार की तरह ट्रीट किया जाता है. आज जो मिला है, वो हमारी सालों की मेहनत का सम्मान है.”
काबरा ने 21 साल की उम्र में Kabra Jewels की शुरुआत की थी. तब कंपनी का टर्नओवर सिर्फ 2 करोड़ रुपए था और टीम में सिर्फ 12 लोग थे. आज कंपनी 140 कर्मचारियों की टीम के साथ 200 करोड़ रुपए से ज्यादा की बिक्री कर रही है. उन्होंने कहा कि यह सफलता परिवार और उनके मेंटर्स की सीख का नतीजा है, जिन्होंने उन्हें सिखाया कि कमाई के साथ-साथ देना भी जरूरी है.











Discussion about this post