नई दिल्ली : पाकिस्तान के सादिक़ाबाद की सोनिया ख़ान की फ़रमाइश ने उनके पिता को एक सुखद आश्चर्य में डाल दिया. सोनिया ने अपने पिता से तीन साल की उम्र में एक क्रिकेट बैट और बॉल मांग ली.
जी हां, हम उस नन्ही सोनिया ख़ान की बात कर रहे हैं जिनके वो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं जिनमें वह क्रिकेट खेलते हुए देखी जा सकती हैं.
और मामला यहां रुका नहीं बल्कि सोनिया के खेल की तारीफ़ तो ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम की कप्तान एलिसा हीली ने भी की. हीली के पति ऑस्ट्रेलिया की पुरुषों की क्रिकेट टीम के तेज़ गेंदबाज़ मिचेल स्टार्क हैं.
एलिसा हीली ने सोनिया ख़ान के खेलने के अंदाज़ के बारे में बात करते हुए कहा, “छह साल की उम्र में सोनिया के खेलने का अंदाज़ बहुत ही शानदार है. जिस तरह से वह कवर ड्राइव खेलती है और जैसे वह बॉल को टाइम करती है, यह बेहद हैरान करने वाली बात है कि केवल छह साल की यह नन्ही बच्ची कैसे इतना शानदार खेलती है.”
उनका कहना था, “मैं यह उम्मीद करती हूं कि वह बड़ी होकर ग्रीन शर्ट्स (पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम) के लिए खेलेगी.”
एलिसा हीली ने कहा, “सोनिया के खेलने के अंदाज़ में विराट कोहली का अंदाज़ और स्टाइल नज़र आता है.”
रिचर्ड कैटलब्रो ने ‘एक्स’ पर लिखा, “उसकी पुल शॉट रोहित शर्मा जैसी है.” उनकी पोस्ट पर पीएसएल के एक हैंडल ने लिखा, “क्या कोई जानता है कि यह कौन है और कहां रहती है? हम इससे मिलना चाहेंगे.”
यही तो सोनिया के पिता तारिक़ का भी कहना है. वह कहते हैं, “सोनिया को इतनी सी ही उम्र में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बाबर आज़म और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली पसंद हैं. वह बस उन्हीं की कॉपी करती है.”
सोनिया के पिता तारिक़ हुसैन की रहीम यार ख़ान की तहसील सादिक़ाबाद में एक छोटी सी मोबाइल फ़ोन की दुकान है. उन्होंने बीबीसी को बताया कि सोनिया को बचपन से ही क्रिकेट खेलने का शौक़ है.
“सोनिया ने तो तीन साल की उम्र में क्रिकेट बैट और बॉल लेने की ज़िद की तो मैं भी हैरान रह गया कि उसने गुड़िया से खेलने के बजाय क्रिकेट बॉल की मांग क्यों की है.”
तारिक़ ने बताया कि सोनिया को बचपन से ही क्रिकेट खेलने के साथ-साथ देखने का भी बहुत शौक़ है. वह अब भी कार्टूंस नहीं बल्कि क्रिकेट मैच बहुत ध्यान से देखती है.











Discussion about this post