लखनऊ। लोक निर्माण विभाग के कार्यों में पारदर्शिता व गुणवत्ता बनाए रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारी फील्ड में उतरेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शासन ने प्रमुख सचिव अजय चौहान सहित आठ वरिष्ठ अधिकारियों को विभिन्न जोन का नोडल अधिकारी तैनात किया है।
यह नोडल अधिकारी अपने-अपने जोन में दौरा कर वहां सड़कों व सेतुओं के कार्यों की नियमित समीक्षा करेंगे। विभागीय मंत्री होने के नाते मुख्यमंत्री स्वयं लोक निर्माण विभाग के कार्यों की नियमित समीक्षा कर रहे हैं।
सड़क, भवन व सेतु निर्माण के कार्यों की गुणवत्ता व पारदर्शिता बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री ने बीते दिनों हुई बैठक में सभी जोन के कार्यों की समीक्षा के लिए अलग से अधिकारियों की तैनाती के निर्देश दिए थे। शासन ने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव को लखनऊ, गोरखपुर व मेरठ जोन के कार्यों की समीक्षा की जिम्मेदारी सौंपी है।
सचिव, प्रकाश बिन्दु को मीरजापुर व वाराणसी, सचिव, भूपेन्द्र एस चौधरी को अयोध्या व कानपुर, विशेष सचिव, शेषनाथ को देवीपाटन व आजमगढ़, विशेष सचिव, अमित आसेरी को आगरा, अलीगढ़ व सहारनपुर, विभागाध्यक्ष, मुकेश चन्द्र शर्मा को बरेली व मुरादाबाद, प्रमुख अभियंता (ग्रामीण सड़क) श्रीराज को झांसी व बांदा तथा प्रमुख अभियंता (परिकल्प एवं नियोजन) एके द्विवेदी को प्रयागराज व बस्ती जोन के कार्यों की समीक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जोन का नियमित दौरा कर जिलाधिकारी व मंडलायुक्त के साथ बैठकें करके संबंधित कार्यों का भौतिक व वित्तीय निरीक्षण करेंगे। साथ ही अपनी समीक्षा रिपोर्ट शासन को भेजेंगे।










Discussion about this post