सहारनपुर। देवबंद के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनीत कुमार वासवानी की अदालत ने दो साल पहले हुई हत्या के एक मामले में पिता-पुत्र को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही दोनों पर 20-20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना न भरने पर दोनों को एक-एक साल का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
मामला जुलाई 2023 का है। भायला कलां गांव निवासी बाटू सिंह का बड़ा बेटा सचिन मानसिक रूप से अस्वस्थ था। किसी पारिवारिक विवाद के चलते उसका अपने पिता और छोटे भाई पंकज से झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान गुस्से में आकर बाटू सिंह और पंकज ने सचिन के गले में रस्सी डालकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक की मां सावित्री देवी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मामले की विवेचना के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। अभियोजन पक्ष की ओर से सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता देवीदयाल शर्मा ने मामले में पक्ष रखा। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायाधीश ने आरोपियों को हत्या का दोषी मानते हुए उम्रकैद और जुर्माने की सजा सुनाई।











Discussion about this post