अयोध्या। राम मंदिर आंदोलन के प्रखर स्वर और पूर्व सांसद डॉ. रामविलास दास वेदांती मंगलवार को पंचतत्व में विलीन हो जाएंगे। देर रात उनका पार्थिव शरीर मध्य प्रदेश के रीवा से अयोध्या स्थित उनके आवास ‘हिंदू धाम’ पहुँचा, जहाँ उनके अंतिम दर्शनों के लिए संतों और भक्तों का तांता लगा हुआ है।
कथा के दौरान बिगड़ी थी तबीयत-
बता दें कि डॉ. वेदांती मध्य प्रदेश के रीवा जनपद में रामकथा कह रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से अयोध्या सहित पूरे संत समाज में शोक की लहर दौड़ गई है।
नगर भ्रमण के बाद सरयू तट पर अंतिम संस्कार-
आज सुबह से ही अयोध्या के प्रमुख संत-महंत और श्रद्धालु हिंदू धाम पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उनके पार्थिव शरीर को नगर भ्रमण कराया जाएगा। अंतिम यात्रा हनुमानगढ़ी और राम जन्मभूमि के दर्शन करते हुए सरयू तट पहुंचेगी, जहाँ उन्हें शास्त्रोक्त विधि से अंतिम विदाई दी जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देंगे श्रद्धांजलि-
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सुबह लगभग 11 बजे अयोध्या पहुंचेंगे। वे हिंदू धाम पहुंचकर दिवंगत संत को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होंगे। दोपहर करीब 12 बजे सरयू तट पर उनका अंतिम संस्कार संपन्न होगा।
संत समाज की अपूरणीय क्षति-
अयोध्या के संतों का कहना है कि डॉ. वेदांती का जाना सनातन धर्म और विशेषकर अयोध्या के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना पूरा जीवन प्रभु राम की सेवा और राम मंदिर आंदोलन के लिए समर्पित कर दिया।











Discussion about this post