झांसी। यूपी के झांसी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक सनकी ने पहले अपनी चाची से झगड़ा किया फिर दादी की धारदार हथियार से वार कर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद शव को कमरे में बंद कर फरार हो गया। चीख-पुकार मचने पर अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उधर पुलिस ने शनिवार को इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
ये घटना मऊरानीपुर के के बसरिया गांव का है। जहां मानवेंद्र शुक्रवार रात करीब 10ः30 बजे कहीं से शराब के नशे में धुत होकर आया और अपनी चाची के घर जाकर उनसे झगड़ा करने लगा। यह देख निकट एक पास के घर में रहने वाली मानवेंद्र की दादी मन्नू देवी (65) जब बीच-बचाव के लिए आयी तो उसने धारदार हथियार से उन पर ही हमला कर दिया और घर के बाहर कुंडी लगाकर वहां से फरार हो गया। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल बुजुर्ग को आनन-फानन में अस्पताल ले गए। जहां उसकी मौत हो गई।
शनिवार सुबह कोतवाली मऊरानीपुर थाना प्रभारी विद्यासागर सिंह, सीओ मनोज कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ मौका-मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर सुबूत जुटाए। वहीं, मृतका के नाती राजेंद्र ने मानवेंद्र और दो अन्य लोगों पर कुल्हाड़ी से हत्या का आरोप लगाया। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मनोज कुमार सिंह ने इस मामले बताया कि इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुई मन्नू देवी की देर रात मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आज सुबह हमलावर मानवेंद्र को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में परिजनों ने मानवेंद्र के अलावा दो अन्य लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कराई है। सीओ ने कहा कि पुलिस मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई कर रही है।











Discussion about this post