कंकरखेड़ा। कंकरखेड़ा में जानलेवा हमले के आरोपी निखिल गोस्वामी को पकड़ने के गए टीपीनगर थाने के दरोगा से रविवार शाम खींचतान की गई। परिजन ने आरोपी को छुड़ा लिया। घटना का वीडियो क्लिप सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। दरोगा की तहरीर पर पुलिस ने पुलिस ने आरोपी निखिल, उसके पिता कैलाश, मां पूनम व चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया।
थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि मंगलपुरी निवासी निखिल गोस्वामी पर टीपीनगर थाने में जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज है। आरोपी लगभग एक साल से पुलिस पकड़ से दूर है। पुलिस को सूचना मिली की आरोपी अपने घर पर आया हुआ है। इसके बाद टीपीनगर थाने से दरोगा उमेश चंद्र ने एक पुलिसकर्मी के साथ आरोपी के घर दबिश दी। पुलिस आरोपी को साथ लेकर जाने लगी। लेकिन परिजनों ने पुलिस को घेर लिया।
जिसके बाद उन्होंने आरोपी को पुलिस से छुड़ा लिया और दरोगा के दोनों हाथों को पकड़ कर खींचने लगे। उन्होंने दरोगा का कॉलर पकड़ लिया। पुलिस के साथ अभद्रता की सूचना पर कंकरखेड़ा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है पुलिस वांछित आरोपी को पकड़ने के लिए गई थी। लेकिन परिजनों ने पुलिस के साथ गलत व्यवहार किया। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया है।











Discussion about this post