लखनऊ। लखनऊ में आज मुख्यमंत्री आवास के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब हरदोई निवासी रोली देवी ने आत्मदाह का प्रयास किया। आरोप लगाया गया कि हरदोई पुलिस उनकी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं कर रही थी, जिससे परेशान होकर रोली देवी अपने बच्चों के साथ मुख्यमंत्री आवास पहुंचीं और खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही आत्मदाह निरोधी दस्ते और पुलिसकर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर रोली देवी को समय रहते बचा लिया। इसके बाद महिला को गौतमपल्ली थाने ले जाया गया, जहां उनसे पुलिस पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई शुरू हो गई है।
रोली देवी ने मीडिया से बातचीत में अपने साथ हुई 60 लाख रुपये की ठगी और विक्की मिश्रा द्वारा जान से मारने की धमकी का आरोप भी लगाया। उनका कहना है कि पुलिस उनकी गुहार नहीं सुन रही थी, इसलिए उन्होंने यह कदम उठाया.
ऐसी घटनाओं ने मुख्यमंत्री आवास और उसके आसपास की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।










Discussion about this post