मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली से घर लौटीं कुंतलेश त्यागी (पत्नी स्व. सुबोध उर्फ डब्बू त्यागी) ने अपने घर का मुख्य दरवाज़ा खोला। भीतर का नज़ारा देख उनके पैरों तले ज़मीन खिसक गई—घर अस्त-व्यस्त था, ताले टूटे थे और अलमारी का लॉकर गायब था।
कुंतलेश त्यागी अपनी इकलौती बेटी के ससुराल दिल्ली गई हुई थीं। इसी दौरान, चोरों ने सूने घर को निशाना बनाते हुए छत के रास्ते प्रवेश किया और पूरी सावधानी से घर खंगाल डाला।
यह घर में चोरी की दूसरी बड़ी घटना है। करीब तीन साल पहले भी इसी घर से चोरों ने दो गैस सिलेंडर चुरा लिए थे। पति और पुत्र को खो चुकीं और घर में अकेली रहने वाली कुंतलेश के लिए यह वारदात एक और गहरा सदमा लेकर आई है।
पीड़िता ने मंसूरपुर थाने में तहरीर दी है। उनके अनुसार, चोरों ने सोने के टॉप्स, चांदी के सिक्के, अन्य आभूषण, एक गैस सिलेंडर, इनवर्टर की बैटरी, देसी घी, मिक्सर-जूसर मशीन और अनाज सहित लाखों रुपये का कीमती घरेलू सामान चुरा लिया।
वारदात की सूचना मिलते ही राखी पब्लिक स्कूल पुलिस चौकी प्रभारी अमित चौधरी फ़ोर्स के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और गहनता से जांच की। उन्होंने पीड़िता को जल्द खुलासे का आश्वासन दिया है।
थाना प्रभारी आनंद देव मिश्र ने बताया कि पुलिस टीम मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।










Discussion about this post