रियासी। जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में शुक्रवार को एक दुखद दुर्घटना में रामनगर के उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) राजिंदर सिंह रैना और उनके बेटे की मौत हो गई। वे अपने परिवार के साथ वाहन में यात्रा कर रहे थे, जब थुरु-पटिया रोड पर धर्मारी क्षेत्र में अचानक भूस्खलन हुआ और उनकी गाड़ी उसकी चपेट में आ गई। इस हादसे में SDM की पत्नी, बेटी, चालक सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा शाम के समय हुआ जब SDM राजिंदर सिंह रैना, जो 2011 बैच के जम्मू-कश्मीर एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस (JKAS) अधिकारी थे, अपने परिवार के साथ सफर कर रहे थे। तभी धर्मारी के पास थुरु-पटिया मार्ग पर हुए भूस्खलन की चपेट में उनकी गाड़ी आ गई, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी और उनके बेटे की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक अत्यंत दुखद और पीड़ादायक घटना है। उन्होंने दिवंगत अधिकारी राजिंदर सिंह और उनके बेटे की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों को सर्वोत्तम उपचार और हर संभव सहायता प्रदान की जाए।
मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने भी इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राजिंदर सिंह एक ईमानदार, समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे, जिन्होंने हमेशा जनहित को प्राथमिकता दी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि प्रशासन इस कठिन समय में उनके साथ खड़ा है। मुख्य सचिव ने यह भी आश्वासन दिया कि घायल परिवारजनों को समुचित इलाज और आवश्यक सहायता दी जाएगी और उनके स्वास्थ्य की पूरी निगरानी की जाएगी।











Discussion about this post