मवाना। हस्तिनापुर रोड पर अनियंत्रित ट्रैक्टर रजबहे में गिर गया, जिससे चालक सर्वेश कुमार (39) की मौत हो गई। वह करीमपुर गांव का रहने वाला था। मेरठ के आर्मी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सर्वेश सेना में हवलदार थे और ग्लेशियर में बॉर्डर पर तैनात थे। वह 15 अप्रैल को छुट्टी पर गांव आया था।
बृहस्पतिवार की सुबह सर्वेश पुत्र रामकुमार ट्रैक्टर लेकर खेत जोतने गया था। खेत से रजबहे की पटरी के रास्ते ट्रैक्टर लेकर गांव लौट रहा था। अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर रजबहे में गिर गया। ट्रैक्टर चला रहा सर्वेश ट्रैक्टर के नीचे दब गया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी प्रकार उसे बाहर निकाला। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और सर्वेश को इलाज के लिए सैनिक अस्पताल मेरठ भेजा। जहां इलाज के दौरान सर्वेश की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटी अनिका (12) व बेटा हिमांशु (9) हैं। मृतक तीन भाई हैं। जिनमें सर्वेश सबसे छोटा था। सबसे बड़ा भाई अनुज होमगार्ड रहे चुके हैं तथा दूसरे नंबर का भाई रणजीत सिंह सेना में चीन के बॉर्डर पर तैनात है। रणजीत सिंह भाई की मौत की खबर पाकर अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए गांव आ रहा है।
फौजी सर्वेश कुमार की मौत की खबर जब परिजनों को लगी तो घर में कोहराम मच गया। सर्वेश की पत्नी कविता एवं पुत्र हिमांशु एवं पुत्री अनिका का रोकर बुरा हाल हो गया। पत्नी व बेटी रोते हुए कई बार बेहोश हो गई।
सैन्य कर्मी सर्वेश कुमार का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ होगा। ग्राम प्रधान विनोद नागर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम हो चुका है। शुक्रवार की सुबह 7:00 बजे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।











Discussion about this post