मुजफ्फरनगर। हरिद्वार से गंगाजल लेकर बाइक पर लौट रहे एक कांवड़िये की सोमवार देर रात खतौली क्षेत्र में दर्दनाक मौत हो गई। दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर चीतल ग्राण्ड के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने कांवड़िये की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार हंसराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मृतक का साथी घायल अवस्था में उसे बीच रास्ते में छोड़कर भाग निकला। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है।
मृतक की पहचान हंसराज पुत्र हरि निवासी जेजे कॉलोनी, रघुबीर नगर, दिल्ली के रूप में हुई है, जो अपने एक साथी के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेकर दिल्ली लौट रहा था।
हादसे की जानकारी मिलते ही खतौली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हंसराज का फरार साथी कौन था और वह हादसे के बाद क्यों भागा, इन सवालों के जवाब अब तक सामने नहीं आ सके हैं। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
इस हादसे के चलते कांवड़ मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु रूप से चालू कराया।










Discussion about this post