शाहजहांपुर। शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र में लखनऊ-बरेली हाईवे पर जमुका गांव के पास सोमवार सुबह सड़क किनारे खड़े ट्रक में कार टकरा गई। कार सवार नैनीताल जा रहे पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
हादसा सोमवार की सुबह करीब छह बजे हुआ। गोरखपुर जिले से एक परिवार कार से घूमने के लिए उत्तराखंड के नैनीताल जा रहा था। रोजा के जमुका गांव में एक ट्रक से मोरंग उतारी जा रही थी। इस बीच तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाल राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा। यहां गोरखपुर जिले के खोराबाद थाना क्षेत्र के मालवीय नगर निवासी 42 वर्षीय श्वेता द्विवेदी, 35 वर्षीय शिवम पांडे व उनका दो वर्षीय बेटा माधवन की मौत हो गई।
हादसे में 23 वर्षीय अंगद यादव, 27 वर्षीय शालिनी पांडे व दो वर्षीय सिद्धू द्विवेदी घायल हुए हैं। इनका राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दी है।











Discussion about this post