मेरठ। टीपी नगर क्षेत्र में बागपत रोड स्थित शाकुंभरी देवी मंदिर के पास रविवार रात झगड़े और पथराव की सूचना पर पहुंचे दो दरोगाओं की ट्रक चालकों के साथ झड़प हो गई। इस झड़प में दोनों दरोगाओं की वर्दी भी फट गई। इसके बाद थाने से अतिरिक्त फोर्स बुलाकर तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस थाने आ गई।
बागपत रोड स्थित शाकुंभरी देवी मंदिर के सामने रविवार रात कुछ ट्रक खड़े थे। चालक और परिचालक वहां शराब पी रहे थे। किसी बात को लेकर उनके बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव कर दिया। इससे बागपत रोड पर वाहनों के पहिए भी थम गए। किसी वाहन चालक ने पुलिस को फोन कर दिया। इस पर मलियाना चौकी से दो दारोगा अजय प्रताप व हिमांशु वहां पहुंचे। ट्रक चालकों व परिचालकों को समझाने का प्रयास किया।
आरोप है कि नशे में ट्रक चालक दरोगाओं से भी उलझ पड़े। दोनों की वर्दी भी फाड़ दी। इस पर दरोगाओं ने थाने में फोन कर अतिरिक्त फोर्स बुलाई और तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। अन्य आरोपी मौके से भाग गए। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। अन्य आरोपियों को तलाश किया जा रहा है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।











Discussion about this post