मोरना। भोपा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए डंपर चोरी के फरार आरोपी को चार माह बाद दिल्ली से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि एक कबूतरबाजी प्रतियोगिता में पुलिस की छापेमारी से हड़कंप मच गया और कई लावारिस बाइकें बरामद हुईं।
पहली घटना में गांव भेड़ाहेड़ी निवासी महेशचंद, जो नोएडा सेक्टर 16 स्थित एक कंपनी में चालक है, ने अपने साथी गौतम राज के साथ मिलकर बीबा इन्फ्रावेन्चर प्राइवेट लिमिटेड, सोरखा गांव से दो डंपर, एक जेसीबी और एक रोड रोलर फर्जी लेटरहेड बनाकर दिल्ली निवासी कबाड़ी गगन आनंद को बेच दिए थे। पुलिस ने महेशचंद को पहले ही गिरफ्तार कर उसके पास से एक देसी तमंचा और ₹3.50 लाख की रकम बरामद की थी।
चार महीने से फरार चल रहे दूसरे आरोपी गौतम राज को गुरुवार को दिल्ली के मयूर विहार थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। तीसरे आरोपी गगन आनंद, निवासी मायापुरी, नई दिल्ली की तलाश जारी है।
दूसरी घटना में शुक्रवार को गांव करहेड़ा में कबूतर प्रतियोगिता के दौरान पुलिस की छापेमारी से भगदड़ मच गई। बड़ी संख्या में लोग मकानों की छतों व चौराहों पर कबूतर उड़ान प्रतियोगिता देख रहे थे। बताया जा रहा है कि वहां भारी रकम की शर्तें भी लगाई जा रही थीं। पुलिस ने मौके से कई लावारिस बाइकें जब्त कर पूछताछ शुरू कर दी है।










Discussion about this post