मुज़फ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रेस कांफ्रेंस कर दो अहम मुठभेड़ों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक 27 बदमाशों का ‘हाफ एनकाउंटर’ किया जा चुका है।
एसएसपी ने बताया कि 19 मई को बुढ़ाना थाना क्षेत्र के टांडा गांव में लगभग 50 वर्षीय रविंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह हत्या दो सगे भाइयों विक्रांत उर्फ विक्की और निखिल ने पुरानी रंजिश के चलते की थी। हत्या के बाद दोनों ने सोशल मीडिया पर “बदला पूरा हुआ” की पोस्ट भी साझा की थी। बुढ़ाना पुलिस ने दोनों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया, जिसमें एक पिस्टल, एक तमंचा, दो जिंदा और खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।
इन हत्यारों के खिलाफ पहले ही तीन मामले दर्ज थे और अब चौथा मुकदमा हत्या का दर्ज किया गया है। पुलिस ने इनके खिलाफ 103 BNS और 238 BNS के तहत कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इसी क्रम में नगर कोतवाली पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 हजार के इनामी गौकश शौकीन को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया। शौकीन पर हापुड़ और मुजफ्फरनगर में कुल चार मुकदमे दर्ज हैं। वह 305 BNS की धारा में वांछित था और उस पर पहले से इनाम घोषित था।
एसएसपी वर्मा ने बताया कि शौकीन पुलिस को देख भागने लगा और फिर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जिससे उसके पैर में गोली लग गई। उसे प्राथमिक चिकित्सा के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से ₹2700 नकद, एक 315 बोर का तमंचा और खोखा कारतूस बरामद हुए हैं।
एसएसपी वर्मा ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगी।











Discussion about this post