मुज़फ्फरनगर। पश्चिम उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी, बारिश तथा ओलावृष्टि ने तबाही मचा दी। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा और बिजनौर जैसे जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और ओले गिरने से कई जगह जनहानि और भारी नुकसान की खबरें सामने आई हैं।
मुज़फ्फरनगर जिले में भी आंधी और बरसात ने खूब कहर बरपाया। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के पुरबालियान गांव में एक जिम की छत तेज हवा में उड़ गई, जबकि बुढाना क्षेत्र के मेरठ-करनाल हाईवे पर स्थित गोकुल फार्महाउस और केशव शुद्ध भोजनालय की टीन शेड भी उड़कर कई सौ मीटर दूर खेतों में जा गिरी।
पुरबालियान गांव स्थित एक जिम की छत तेज आंधी में उड़ गई, जिसका लाइव वीडियो जिम मालिक ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह तेज हवा की गड़गड़ाहट के बीच टीन शेड हवा में उड़कर दूर चला गया। यह वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
गोकुल फार्महाउस और केशव शुद्ध भोजनालय के संचालक इंद्रजीत ने बताया कि तेज आंधी और बारिश के दौरान उनके होटल की टीन शेड पर बिजली गिर गई, जिससे सब कुछ तहस-नहस हो गया। उन्होंने कहा, “कम से कम पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है, संभवतः इससे ज्यादा ही होगा। अभी तक किसी प्रशासनिक अधिकारी से बात नहीं हो सकी है, फोन उठ नहीं रहे। एक लड़के को बिजली गिरने के दौरान हल्की चोट भी आई है, लेकिन उसकी जान बच गई।”
इस तूफान से जहां विद्युत विभाग को भारी नुकसान पहुंचा है, वहीं आम लोग भी परेशान हैं। कई जगह बिजली के खंभे गिर गए, पेड़ टूट कर सड़कों पर बिखर गए और घंटों तक यातायात भी बाधित रहा।











Discussion about this post