मुजफ्फरनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के भोपा थाना क्षेत्र (मोरना) में दो अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया है। पहली घटना में दिवाली की छुट्टियों में घर आई एक महिला डॉक्टर के साथ रास्ते के विवाद को लेकर उसके परिजनों ने मारपीट और गाली-गलौज की, जबकि दूसरी घटना में 15 साल की एक लड़की को बंदूक की नोक पर अगवा कर लिया गया।
छुट्टी पर आई डॉक्टर से मारपीट-
भोपा थाना क्षेत्र के गांव अलीपुरा तिस्सा निवासी डॉ. साक्षी, जो रोहतक में नौकरी करती हैं, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह दिवाली की छुट्टियाँ मनाने घर आई हुई थीं। सोमवार की शाम जब वह घर पर अकेली थीं, तभी कुटुंब के ही चार व्यक्तियों ने घर के रास्ते को लेकर उनके साथ गाली-गलौच की और मारपीट की। पीड़िता के अनुसार, जब उनके पिता, चाचा और भाई मौके पर पहुंचे तो उन्होंने किसी तरह उनकी जान बचाई। जाते-जाते आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।
तमंचे के बल पर किशोरी का अपहरण-
इसी थाना क्षेत्र के एक अन्य गांव में सोमवार सुबह किशोरी के अपहरण की वारदात से हड़कंप मच गया। गांव निवासी एक व्यक्ति ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि सुबह सवेरे उनकी 15 वर्षीय पुत्री घर का सामान लेने के लिए बाहर गई थी। इसी दौरान तीन युवक बाइक से आए और उनकी पुत्री को जबरदस्ती बैठा लिया। जब किशोरी के भाई ने शोर सुनकर विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे तमंचे से आतंकित किया और उसके साथ मारपीट की। आरोपी फायरिंग करते हुए किशोरी का अपहरण कर ले गए। पिता ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से जल्द से जल्द पुत्री की बरामदगी की गुहार लगाई है।
पुलिस ने दर्ज किए मुकदमे-
थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीश कुमार ने बताया कि किशोरी अपहरण मामले में बादल (निवासी मोरना), निशांत (निवासी छछरौली) और हर्षित सहरावत (निवासी भोकरहेड़ी) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और किशोरी की शीघ्र बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। दोनों ही मामलों में पुलिस ने तहरीर के आधार पर कुल 6 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










Discussion about this post