मुजफ्फरनगर। ऑनलाइन पूंजी निवेश (Online Investment) के नाम पर धोखाधड़ी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर थाना क्षेत्र में, लालच में फंसे एक ग्रामीण से ठगों ने चरणों में 1 लाख 16 हजार रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंसूरपुर थाना क्षेत्र के जड़ौदा निवासी विनोद कुमार गुप्ता ने पुलिस को बताया कि सितंबर माह में एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें कॉल कर पूंजी निवेश पर बड़े फायदे का सपना दिखाया। शुरुआती तौर पर रुचि न दिखाने पर भी जब उन्हें लगातार कॉल आती रहीं, तो उन्होंने छोटी रकम निवेश कर दी, जिसमें उन्हें फायदा भी मिला।
इसी लालच में आकर, उन्होंने पहले 58 हजार रुपये और फिर नए ऑफर के तहत 59 हजार रुपये, कुल मिलाकर 1 लाख 16 हजार रुपये और निवेश कर दिए। जब उन्हें यह निवेश की गई राशि वापस नहीं मिली और संपर्क टूट गया, तो उन्होंने अपने बेटे को पूरी बात बताई। बेटे द्वारा जांच-पड़ताल करने पर पता चला कि उनके साथ ऑनलाइन ठगी की गई है।
मंसूरपुर पुलिस ने पीड़ित विनोद कुमार गुप्ता की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अज्ञात व्यक्तियों द्वारा दिए जाने वाले ऑनलाइन निवेश के लुभावने ऑफर्स से बचें।










Discussion about this post