मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के थाना सिखैड़ा क्षेत्र के गांव भटोरा से सामाजिक रिश्तों को तार-तार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपने रिश्तेदार, जो लड़की का चाचा और चार बच्चों का पिता भी है, पर अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण का आरोप लगाया है।
पीड़ित पिता धर्मवीर ने बताया कि उसकी बेटी एक ब्यूटी पार्लर से वापस लौट रही थी, तभी गांव के ही निवासी सोनू ने उसे जबरन अगवा कर लिया। बेटी के लापता होने के 16 दिन बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। पीड़ित परिवार एसएसपी कार्यालय पहुंचा और पुलिस से युवती की बरामदगी की गुहार लगाई।
धर्मवीर का आरोप है कि थाने में शिकायत देने के बावजूद पुलिस सुनवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा, “जब हम रिपोर्ट दर्ज कराने थाने गए, तो पुलिस ने न केवल हमारी शिकायत को नजरअंदाज किया बल्कि हमारे साथ गाली-गलौज भी की और घंटों बैठाए रखा।”
उन्होंने बताया कि सोनू, जो कि मोहल्ले में ही रहता है, रिश्ते में लड़की का चाचा है और पहले से ही चार बच्चों का पिता है। पीड़ित पिता ने यह भी बताया कि आरोपी के परिवार को पुलिस के हवाले किया गया, बावजूद इसके उसके रिश्तेदार शराब पीकर उन्हें धमकी दे रहे हैं।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के सदस्य मोहित कुमार ने कहा कि पीड़ित परिवार उनके पास पहुंचा और बताया कि पुलिस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है, जबकि मामला एक नाबालिग के अपहरण का है और जीडी में चढ़ा होने के बावजूद कार्रवाई ठप पड़ी है।










Discussion about this post