गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में नौकरी के नाम पर युवतियों को राजस्थान ले जाकर बेचने वाले गिरोह के चार सदस्यों को पिपराइच पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसमें खरोबार में किराए के कमरे में रहने वाले आगरा के दंपत्ति युवतियों को फंसाते थे। फिर सभी आरोपित राजस्थान लेकर पहुंचते थे, जहां बागचंद प्रजापति उन्हें अपने घर रखता। इसके बाद जिन युवकों की शादी नहीं हुई रहती थी उनसे रुपये लेकर युवतियों को बेच देते थे। पिपराइच क्षेत्र की रहने वाली एक युवती के गायब होने के बाद उसकी मां ने थाने में केस दर्ज कराया था।
जांच करने के बाद पुलिस ने युवती को उनवला रेलवे स्टेशन से बरामद करते हुए चारों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया। चारों आरोपितों की पहचान राजस्थान के अजमेर गांधीनगर थाना के सुंदर नगर वार्ड नंबर 15 किशनगढ़ निवासी बागचंद प्रजापति, बानसीदरी थाना के हरमाड़ा निवासी सरवन पुरी, आगरा के ताजगंज थाना के शमशाबाद लोधी मार्ग निवासी सनी सिंह और उसकी पत्नी राधा सिंह के रूप में हुई।
इसमें सनी और उसकी पत्नी राधा खोराबार में किराए के कमरे पर रहते थे। राधा फरार चल रही सहजनवां की महिला के साथ मिलकर गरीब घर की युवतियों को नौकरी दिलाने के नाम पर फंसाती थी। जैसे ही युवती और उसके घर वाले तैयार होते थे, फिर गिरोह के अन्य सदस्य सक्रिय हो जाते थे।
जिसमें राधा का पति सनी सिंह और फरार चल रहा महराजगंज के निचलौल का युवक, युवतियों को लेकर दिल्ली पहुंचते थे। जहां फरार चल रहे एक युवक को लेकर राजस्थान के बागचंद प्रजापति के घर ले जाकर छोड़ आते थे। इसके बाद बागपत उन युवतियों को अपने स्थानीय गिरोह से संपर्क कर युवकों की शादी कराने के लिए बेच देते थे।
पिपराइच से गायब युवती को भी आरोपितों ने राजस्थान के सरवनपुरी के भाई को बेच दिया था। लेकिन, उसकी उम्र ज्यादा होने से युवती ने शादी से इंकार कर दिया और किसी तरह से वहां भाग निकली। जिसके बरामद होने के बाद पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया और आरोपितों तक पहुंची और उन्हें गिरफ्तार किया।
एसपी नार्थ जितेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि युवतियों को नौकरी के नाम पर और बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जाकर बेचने वाले गिरोह को पिपराइच पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक युवती के गायब होने के दर्ज केस की जांच कर रही थी। इस गिरोह के अभी तीन सदस्य फरार है। इसमें एक गोरखपुर की महिला है, दूसरा युवक महराजगंज और तीसरा दिल्ली का रहने वाला है। जल्द ही तीनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी।











Discussion about this post